पिथौरागढ़ | सोर समाचार
18 नवंबर 2014 को नैनीताल जिले के काठगोदाम में पिथौरागढ़ की बेटी नन्ही कली के साथ हुई जघन्य घटना के आरोपी अख्तर अली उर्फ मकसूद को पोक्सो कोर्ट की फांसी की सजा के बाद सुप्रीम कोर्ट द्वारा बरी किए जाने के बाद सीमांत में भारी आक्रोश फैल गया है। लोगों का कहना है कि हमारी नन्ही कली को न्याय नहीं मिला और यह फैसला उनके विश्वास को झकझोर गया है।
आज सीमलगैर बाजार में सीमांत यूथ मोर्चा, उत्तराखंड छात्र मोर्चा और नगर यूथ कमेटी के युवाओं ने सद्भावना और संयम के साथ मौन धरना आयोजित कर अपना विरोध दर्ज कराया। धरने में नगर निगम पार्षद सुशील खत्री, सीयूमो जिला अध्यक्ष जनार्दन पंत, छात्र मोर्चा संयोजक योगेश खर्कवाल, नगर यूथ कमेटी संयोजक राहुल खत्री के साथ ध्रुव धामी, बहादुर सिंह, पप्पू बिष्ट, नीरज कुमार सहित अनेक युवा मौजूद रहे।
प्रदर्शनों में युवाओं ने राज्य सरकार से इस मामले में ठोस और पारदर्शी कदम उठाने की मांग की और स्पष्ट कहा — “जब तक नन्ही कली को इंसाफ नहीं मिलेगा, हम चैन से नहीं बैठेंगे।”

