डेढ़ साल से फरार शातिर वारण्टी अभियुक्त हल्द्वानी से गिरफ्तार !

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

पिथौरागढ़ पुलिस ने लगभग डेढ़ वर्ष से फरार चल रहे एक शातिर वारण्टी अभियुक्त को हल्द्वानी से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ रेखा यादव के निर्देशन में वारण्टी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस ने धर्मेश जोशी निवासी भड़ेलवाड़ा, पिथौरागढ़ को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के विरुद्ध धोखाधड़ी से जुड़े विभिन्न मामलों में न्यायालय द्वारा एक दर्जन से अधिक वारंट जारी किए गए थे। वह लंबे समय से गिरफ्तारी से बचते हुए अपने ठिकाने बदल रहा था।

अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए एसएचओ कोतवाली पिथौरागढ़ ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कमलेश चंद्र जोशी द्वारा तकनीकी एवं मैनुअल इनपुट के आधार पर लगातार प्रयास किए जा रहे थे। प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कुसुमखेड़ा, हल्द्वानी क्षेत्र से अभियुक्त को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पिथौरागढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून से बचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *