पिथौरागढ़ | सोर समाचार
पिथौरागढ़ नगर निगम की बोर्ड बैठक आज नगर निगम सभागार में आयोजित की गई। बैठक में निगम की आय वृद्धि हेतु नगर अन्तर्गत विभिन्न शासकीय भूमि जिस पर नगर निगम द्वारा आय अर्जित करने हेतु परियोजनाएँ बनाई जा रही हैं, उस पर चर्चा हुई।
नगरीय ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हेतु नगर निगम की नैनीपातल स्थित भूमि पर आधुनिक तकनीकी पर आधारित एम.आर.एफ. सेंटर तथा एम.आर.एफ. सेंटर तक पहुँचने हेतु सड़क निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। बोर्ड ने जनहित में दोनों कार्यों को कराने हेतु शीघ्र निविदा आमंत्रित करने का प्रस्ताव पारित किया।
बैठक में गांधी चौक को व्यवस्थित फड़-खोखा ज़ोन के रूप में विकसित करने का निर्णय भी लिया गया, ताकि व्यापारियों और स्थानीय लोगों को बेहतर व्यवस्था मिल सके। इसके साथ ही नगर की स्वच्छता और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 26 अक्टूबर 2025 से 2 नवम्बर 2025 तक बहुद्देशीय प्रदर्शनी और विकास मेले के आयोजन का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
दैवीय आपदा से प्रभावित क्षेत्रों के शीघ्र पुनर्निर्माण और आवश्यक संसाधनों की आपूर्ति पर भी निर्णय लिए गए। बैठक का संचालन सहायक नगर आयुक्त ने किया।

