ईमानदारी की मिसाल: पुलिसकर्मी और दुकानदार ने लौटाया मिला हुआ मंगलसूत्र

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

समाज में ईमानदारी और मानवता की मिसाल पेश करने वाली एक प्रेरक घटना सिमलगैर क्षेत्र से सामने आई है। जय काली कलर लैब के संचालक श्री नवल किशोर रावल, जो व्यापार मंडल के जिला महामंत्री भी हैं, को अपनी दुकान के पास एक मंगलसूत्र गिरा हुआ मिला।

श्री रावल ने बिना देर किए इसकी सूचना ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल हरीश लटवाल को दी। दोनों ने मिलकर ईमानदारी और सूझबूझ का परिचय देते हुए इस गुम हुए आभूषण की जानकारी जिला नियंत्रण कक्ष को दी और इसके स्वामी की खोज शुरू कराई।

थोड़ी ही देर में पता चला कि यह मंगलसूत्र श्रीमती लाली देवी, पत्नी श्री अर्जुन सिंह, निवासी रई का है। सत्यापन के उपरांत पुलिस ने महिला को बुलाकर मंगलसूत्र उन्हें विधिवत सुपुर्द कर दिया।

महिला और उनके परिवार ने पुलिसकर्मी हरीश लटवाल और दुकानदार नवल किशोर रावल की ईमानदारी, मानवता और संवेदनशीलता की सराहना की।
यह घटना पुलिस और नागरिकों के आपसी सहयोग का बेहतरीन उदाहरण है, जो समाज में विश्वास, नैतिकता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *