सोर समाचार | उत्तराखंड
सोमवार तड़के हीरा लाल मार्ग पर स्थित एक कबाड़ी की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे दुकान में मौजूद एक व्यक्ति की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब चार बजे दुकान से उठते धुएं और लपटों को देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक व्यक्ति की जान नहीं बचाई जा सकी।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, जबकि आग की तेज़ी के पीछे कबाड़ी की दुकान में रखे पुराने सामान, कागज और प्लास्टिक को कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मृतक की पहचान कर पोस्टमार्टम के लिए शव एम्स ऋषिकेश भेजा और आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

