पिथौरागढ़ | सोर समाचार
साई सुखधा हॉस्पिटल, बरेली की ओर से नगर निगम हॉल में निःशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन नगर निगम पिथौरागढ़ की मेयर श्रीमती कल्पना देवलाल ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और लगभग 200 मरीजों ने अपनी जांच करवाकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श प्राप्त किया।
शिविर में डॉ. शरद अग्रवाल (गुर्दा एवं मूत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. शिवम मिश्रा (न्यूरोलॉजिस्ट), डॉ. सतीश सिंह कुलश्रेष्ठ (गुर्दा एवं मूत्र रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. निशांत गुप्ता (हड्डी रोग विशेषज्ञ) सहित वरिष्ठ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं।
मरीजों के लिए बी.पी., शुगर, हीमोग्लोबिन, पेशाब जांच जैसी कई सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
मेयर देवलाल ने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत लाभदायक हैं और भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को बढ़ावा दिया जाएगा।
साई सुखधा हॉस्पिटल के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं का लाभ ले सकें।

