पिथौरागढ़ | सोर समाचार
वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. प्रमोद कुमार श्रोत्रिय को भूटान की राजधानी थिम्फू में आयोजित भूटान-भारत साहित्य महोत्सव 2025 में अंतर्राष्ट्रीय भूटान भारत साहित्य रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। यह महोत्सव 12 से 17 सितंबर तक चला, जिसमें भारत, भूटान, नेपाल, रूस, श्रीलंका, बांग्लादेश और तिब्बत सहित अनेक देशों से सौ से अधिक साहित्यकार और कलाकार शामिल हुए।
महोत्सव में काव्य पाठ, नाटक, अभिनय, गायन, चित्रकला और आलेख वाचन जैसे विविध कार्यक्रम हुए। डॉ. श्रोत्रिय ने “वाल्मीकिरामायणे पर्यावरण चेतना” विषय पर संस्कृत में अपना सारगर्भित आलेख प्रस्तुत किया और अंतर्राष्ट्रीय काव्य गोष्ठी में काव्य पाठ भी किया।
उनके सम्मान को पिथौरागढ़ का गौरव बताते हुए स्थानीय साहित्यकारों, शिक्षकों और समाजसेवियों ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं।

