जिले में सीमांत मत्स्य पालकों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम पहल करते हुए आज एसएसबी 55वीं वाहिनी और मत्स्य विभाग के बीच ट्राउट मछली आपूर्ति का समझौता हुआ। यह पहली बार है जब एसएसबी जवानों को स्थानीय स्तर पर उत्पादित ताज़ी ट्राउट मछली की आपूर्ति की गई।
60 किलो ट्राउट मछली की पहली खेप मुनस्यारी के रूइशपाटा गांव से जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की मौजूदगी में सप्लाई की गई। जिलाधिकारी ने इसे वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक प्रभावी कदम बताया।
सिरमौला मत्स्य सहकारी समिति द्वारा अब तक करीब 5.5 लाख रुपये का मुनाफा कमाया गया है और 65 से अधिक परिवार इससे लाभान्वित हो रहे हैं। योजना से न केवल रोजगार बढ़ा है, बल्कि पलायन पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है।
एसएसबी जवानों को पोषणयुक्त भोजन मिलने के साथ ही स्थानीय उत्पादों को स्थायी बाजार मिल रहा है। कार्यक्रम के अंत में पौधरोपण कर पर्यावरण का संदेश भी दिया गया।
एसएसबी को पहली बार स्थानीय ट्राउट मछली की आपूर्ति, सीमांत मत्स्य पालकों को मिली नई राह
