पिथौरागढ़ | सोर समाचार
पूर्व सैनिक संगठन पिथौरागढ़ ने 21 सितंबर 2025 को आयोजित UKSSSC परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने कहा कि इस तरह की घटनाएं युवाओं की मेहनत और भविष्य पर आघात करती हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। संगठन ने कहा कि उत्तराखंड का युवा वर्ग भविष्य की आशाओं का प्रतीक है और उसकी मेहनत, विश्वास व आत्मसम्मान की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।
संगठन ने साफ किया कि वे अराजकता, हिंसा और तोड़फोड़ में विश्वास नहीं रखते, बल्कि संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीकों से ही अपनी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने युवाओं से भी संयम और शांति बनाए रखने की अपील की।

