सोर समाचार | पिथौरागढ़
वंदे मातरम् की 150वीं जयंती के अवसर पर आज सुबह 9:55 बजे जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में “वंदे मातरम्” गीत का सामूहिक गायन किया गया। इस मौके पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक स्वर में राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ भागीदारी निभाई। गायन के बाद डीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रेरणादायक संदेश सुना।
दोपहर 12:30 बजे जिलाधिकारी ने रामलीला मैदान में पहुंची प्रदेश की महिला सशक्तिकरण, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं खेल मंत्री रेखा आर्या का स्वागत पुष्पगुच्छ और पौधा भेंट कर किया। मंत्री रेखा आर्या ने दीप प्रज्वलित कर रजत जयंती समारोह की शुरुआत की और उपस्थित जनसमूह के साथ राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया।
उन्होंने कहा कि “वंदे मातरम्” की 150वीं जयंती राष्ट्रीय एकता और गर्व का प्रतीक है। रेखा आर्या ने राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि आने वाले 25 वर्षों में उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प लें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दीपक सैनी, दर्जा राज्यमंत्री गणेश भंडारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी सहित कई अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

