पिथौरागढ़ | सोर समाचार
राज्य आंदोलनकारी दिनेश गुरुरानी का अनूठा पौधारोपण अभियान आज 498वें दिन भी लगातार जारी रहा। अभियान को और अधिक सार्थक बनाते हुए आज इसे एक विवाह समारोह से जोड़ा गया। डीडीहाट के सिटोली गांव में स्थानीय निवासी कृष्ण सिंह बोरा और लीला बोरा ने अपनी पुत्री गीता के विवाह से पहले पौधारोपण कर इस विशेष पल को यादगार बनाया।
पौधारोपण के बाद कृष्ण सिंह बोरा ने कहा कि वे इस पौधे को अपने परिवार के सदस्य की तरह सहेजकर रखेंगे। उन्होंने बताया कि प्रकृति की सेवा करने का सौभाग्य उन्हें मिल रहा है और हर व्यक्ति को भी आगे आकर पौधारोपण जैसे कार्यों से जुड़ना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
अभियान के संचालक दिनेश गुरुरानी ने कहा कि उनका पौधारोपण अभियान निरंतर जारी है और वे प्रतिदिन किसी न किसी विवाह समारोह में जाकर दूल्हा-दुल्हन तथा उनके परिजनों के साथ पौधे लगवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रकृति संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया गया यह प्रयास लोगों को जोड़ते हुए समाज में एक सकारात्मक संदेश दे रहा है।

