विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर आपदा व आपात स्थिति में मानसिक स्वास्थ्य पर गोष्ठी आयोजित

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर नगर निगम सभागार, पिथौरागढ़ में “आपदा एवं आपात स्थिति में मानसिक स्वास्थ्य” विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल के निर्देशन में तथा नोडल अधिकारी डॉ. ललित भट्ट के नेतृत्व में किया गया।

गोष्ठी की मुख्य अतिथि सिविल जज मंजू देवी (जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) रहीं। कार्यक्रम का संचालन साइकियाट्रिक सोशल वर्कर जीवन चन्द्र तिवारी ने किया, जिन्होंने विश्व और भारत में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के विकास, प्रमुख योजनाओं और वर्तमान मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर जानकारी साझा की।

कम्युनिटी नर्स चंदा चौहान ने अवसाद, एंज़ायटी, पी.टी.एस.डी. आदि मानसिक विकारों के लक्षणों के बारे में बताया। वहीं डॉ. ललित भट्ट ने कहा कि असामान्य व्यवहार, अत्यधिक उदासी, आत्मघाती विचार या छोटी बातों पर गुस्सा जैसे संकेत मानसिक असंतुलन के लक्षण हो सकते हैं। उन्होंने स्थानीय भ्रांतियों और झाड़-फूंक जैसी परंपराओं से बचने व समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने की सलाह दी।

मुख्य अतिथि मंजू देवी ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य समस्या किसी को भी हो सकती है, और ऐसी स्थिति में व्यक्ति को खुलकर अपनी समस्या साझा करनी चाहिए। उन्होंने योग और ध्यान को मानसिक स्वास्थ्य सुधार में प्रभावी बताया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल ने बताया कि विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस 2025 के अंतर्गत 10 अक्टूबर से 10 नवम्बर तक जनपद में विभिन्न मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में हिमानी पंत, निशा कश्यप, दीपक बड़ोला, योगेश पंत सहित अनेक प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *