पिथौरागढ़ | सोर समाचार
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सोमवार जनसुनवाई में जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों की समस्याएं सुनीं। करीब 40 शिकायतों का तत्काल निस्तारण करते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
प्राथमिक शिकायतें स्कूल भवनों की मरम्मत, शिक्षकों की उपलब्धता, भूमि विवाद, पेयजल संकट, सड़क मरम्मत और सरकारी योजनाओं से जुड़ी रहीं। मानसून के मद्देनज़र शिक्षा विभाग को ₹5 लाख का फंड भी स्वीकृत किया गया।
जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन के तहत बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार करने, मेडिकल कैंप लगवाने व एम्बुलेंस उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा, “जिला प्रशासन एक टीम है, और टीमवर्क से ही जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकती हैं। आमजन निःसंकोच अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखें।”
यह जनसुनवाई कार्यक्रम अब प्रत्येक सोमवार नियमित रूप से होगा, जिससे जनता को अपनी समस्याएं रखने का सहज मंच मिलेगा।
कार्यक्रम में डीएफओ आशुतोष सिंह, सीएमओ डॉ. एस.एस. नबियाल, एसडीएम सदर मनजीत सिंह, डीडीओ रमा गोस्वामी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे

