424वें दिन भी जारी रहा पौधारोपण अभियान, निगम कर्मियों की वेतन वृद्धि पर जताया आभार

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

संयुक्त कर्मचारी महासंघ कुमाऊं-गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रांतीय आवाहन पर नियमितीकरण नियमावली और कट ऑफ डेट 2025 को लेकर चलाया जा रहा अनूठा पौधारोपण अभियान लगातार जारी है। यह अभियान आज 424वें दिन भी जारी रहा।

आज थल के शिव मंदिर परिसर में आरसीसी कंपनी के मालिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र चूफाल के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गिरीश चूफाल, प्रहलाद चूफाल, भूपेंद्र सत्याल, डीडीहाट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सुनील शाह और दान सिंह कन्याल भी मौजूद रहे।

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुरु रानी ने निगम प्रशासन द्वारा संविदा कर्मचारियों के हित में लिए गए हालिया निर्णय की सराहना की। उन्होंने बताया कि निगम प्रबंधन ने वर्ष 2018 के बाद नियुक्त संविदा कर्मचारियों का वेतन 4000 रुपये मासिक बढ़ाया है, जो अगस्त माह से लागू होगा।

उन्होंने सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल, निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, महाप्रबंधक विजय नारायण शुक्ल तथा कंपनी सचिव नवीन बोरा का आभार व्यक्त किया। दिनेश गुरु रानी ने कहा कि यह मांग लंबे समय से महासंघ की ओर से उठाई जा रही थी।

प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि “समान कार्य के लिए समान वेतन” दिया जाना अब भी बाकी है और इसके लिए महासंघ का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2001 से 2018 तक के कर्मचारियों की वेतन वृद्धि पहले ही महासंघ की मांग पर लागू हो चुकी थी, लेकिन 2018 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को अब तक इसका लाभ नहीं मिला था। निगम प्रशासन द्वारा हालिया निर्णय के साथ यह कमी पूरी कर दी गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *