पिथौरागढ़ | सोर समाचार
राज्य आंदोलनकारी दिनेश गुरु रानी के नेतृत्व में चल रहा अनूठा पौधा रोपण अभियान आज 432वें दिन भी जारी रहा। “मेरा पौधा मेरा परिवार” कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय भैंसयूडी को अभियान से जोड़ा गया।
विद्यालय परिसर में पौधारोपण के साथ छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को हिमालय बचाओ अभियान के तहत शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर पौधों का वितरण भी किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य गीता टोलिया ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि विद्यालयों को अभियान से जोड़ना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम को सामाजिक कार्यकर्ता अर्जुन कन्याल, प्रदीप कन्याल और डीडीहाट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सुनील शाह ने भी संबोधित किया। दिनेश गुरु रानी ने कहा कि पौधारोपण का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि पौधे मुख्य उद्यान अधिकारी द्वारा विपिन जोशी के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

