पिथौरागढ़ | सोर समाचार
जनपद पिथौरागढ़ के बिण गांव निवासी और ऑपरेशन विजय के वीर नायक शौर्य चक्र विजेता शहीद लेफ्टिनेंट हेमंत महर की 26वीं पुण्यतिथि पर आज पूर्व सैनिक संगठन के तत्वावधान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत मंत्रोच्चार व पूजन से हुई। शहीद की चाची श्रीमती महेश्वरी महर और भाई सिद्धार्थ महर ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सेना मुख्यालय, पूर्व सैनिक संगठन और एनसीसी अधिकारियों ने भी पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया।
पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स और बड़ी संख्या में उपस्थित स्थानीय नागरिकों ने “भारत माता की जय” और “वीर शहीद अमर रहें” के नारों के बीच शहीद को नमन किया। इस दौरान छात्रों ने बैंड की धुन और कैडेट्स ने ड्रिल प्रस्तुत कर देशभक्ति का संदेश दिया।
संगठन ने कहा कि शहीद हेमंत महर का बलिदान भारतीय सेना का गौरव है और उनकी गाथा नई पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणा बनी रहेगी।

