धनतेरस-दीपावली पर पिथौरागढ़ पुलिस का विशेष ट्रैफिक प्लान जारी

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

धनतेरस, दीपावली और भैया दूज जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान नगर क्षेत्र में बढ़ने वाली जन एवं वाहन भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से पिथौरागढ़ पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है।
यह व्यवस्था 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2025 तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान सीमालगैर बाजार, नया बाजार, सिल्थाम गन शॉप से गांधी चौक तक किसी भी प्रकार के वाहनों — चाहे दोपहिया हों या चारपहिया — का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सीमालगैर बाजार की ओर आने वाले सभी वाहनों को नगर निगम के पास स्थित निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क किया जाएगा। वहीं, मालवाहक वाहनों को रात्रि 9 बजे के बाद ही बाजार क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति होगी, ताकि भीड़भाड़ के समय यातायात सुचारु बना रहे।

इसके अतिरिक्त, निर्माण सामग्री (रेता, बजरी आदि) लाने वाले डंपर या टिप्पर वाहनों को भी केवल सायं 7:30 बजे के बाद शहर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि सभी नागरिक निर्धारित ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सहयोग प्रदान करें, जिससे दीपावली का पर्व शांति, सुरक्षा और सुगमता के साथ संपन्न हो सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *