पिथौरागढ़ | सोर समाचार
थाना बलुवाकोट पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करते हुए नाबालिग को वाहन देने वाले अभिभावक के विरुद्ध ₹25,000 का चालान जारी किया है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव के निर्देशन में जनपद के सभी थाना प्रभारियों को नाबालिग वाहन चालकों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में थानाध्यक्ष श्रीमती मेघा शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक नाबालिग बालक को दोपहिया वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। थाने में अभिभावक एवं नाबालिग दोनों की उपस्थिति में थानाध्यक्ष द्वारा काउंसलिंग की गई, जिसमें उन्हें बताया गया कि नाबालिग द्वारा वाहन चलाने पर वाहन स्वामी या अभिभावक पर ₹25,000 के चालान और 3 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। साथ ही ऐसे कृत्य से होने वाले संभावित सुरक्षा जोखिमों के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।
इसके बाद अभिभावक के विरुद्ध ₹25,000 का चालान जारी कर चालानी आख्या न्यायालय को प्रेषित की गई तथा संबंधित वाहन को सीज किया गया।
जनपद पिथौरागढ़ पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाने दें, क्योंकि यह न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि उनके जीवन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी हो सकता है।

