पिथौरागढ़ | सोर समाचार
पिथौरागढ़ जिले के दूरस्थ सीमांत गांव मिलम में आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवानों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों में भी राष्ट्र सेवा में समर्पित हमारे जवानों की प्रतिबद्धता व सीमांत क्षेत्र के लोगों का सहयोग वास्तव में प्रेरणादायक है।”
उन्होंने जवानों से संवाद कर राष्ट्र के प्रति उनके सेवा भाव और समर्पण को नमन किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से आत्मीय बातचीत करते हुए क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं पर चर्चा की।
सीएम धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत सीमांत गांवों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने और गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास तेजी से जारी हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार सीमांत क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव कदम उठा रही है ताकि यहां के लोग भी मुख्यधारा की प्रगति से जुड़ सकें।

