पिथौरागढ़ | सोर समाचार
सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के लक्ष्मण सिंह महर परिसर में उत्तराखंड राज्य रजत जयंती समारोह बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे 5 किमी मैराथन दौड़ से हुई, जिसमें छात्र वर्ग में कुणाल सिंह बेलाल और छात्रा वर्ग में कविता रावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इसके बाद कार्मिकों के बीच 1500 और 400 मीटर दौड़ का आयोजन हुआ, जिसमें मनीष बोरा और डॉ प्रियंका पांडेय विजेता रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ निदेशक डॉ हेम चंद्र पांडेय ने दीप प्रज्वलन कर किया।
रजत जयंती के अवसर पर “25 वर्षों में राज्य की उपलब्धियाँ” विषय पर आधारित सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और आशुभाषण प्रस्तुत किए। एकल गायन प्रतियोगिता में परिसर के छात्र प्रियांशु आर्या और प्रियांशु राज ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और डॉ राकेश वर्मा के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया गया। निदेशक डॉ हेम चंद्र पांडेय ने प्रतिभागियों और आयोजकों का धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया।

