विवाह के बाद नवदंपति ने लगाया ‘परिणय पौध’: गुरुरानी का अभियान 506वें दिन भी जारी

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

राज्य आंदोलनकारी दिनेश गुरुरानी द्वारा चलाया जा रहा अनूठा पौधारोपण अभियान शुक्रवार को अपने 506वें दिन भी जोश से जारी रहा। किमखोला — जौलजीबी में आज आयोजित कार्यक्रम में विवाह के तुरंत बाद नवविवाहित दंपति बेद प्रकाश (कुमाऊं मंडल विकास निगम) व उनकी पत्नि भूमिका ने समारोह के हिस्से के रूप में ‘परिणय पौध’ लगाकर अभियान से जुड़ने का संकल्प लिया।

बेद प्रकाश ने कहा कि वे प्रत्येक वर्ष अपनी सालगिरह पर एक पौधा अवश्य लगा कर प्रकृति संरक्षण को प्रोत्साहित करेंगे, वहीं भूमिका ने भी ग्रामीण स्तर पर लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करने का आश्वासन दिया। पिता रमेश भट्ट ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विवाह जैसे शुभ अवसरों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना समाज में यह संदेश फैलाएगा कि हर परिवार की छोटी-छोटी पहल से बड़ा बदलाव संभव है।

अभियान संचालक दिनेश गुरुरानी ने कार्यक्रम में बताया कि विवाह समारोहों को पौधारोपण से जोड़ने की यह पहल आगे भी निरंतर जारी रहेगी तथा जहां तक संभव हो स्थानीय जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी। कार्यक्रम में जानदेव सामंत, मनोज कुमार तथा पंचायत व समाजसेवी गणमान्य उपस्थित थे, जिन्होंने दंपति को पौधारोपण के महत्व पर बधाई दी और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने का आग्रह किया। समापन पर सभी ने मिलकर नए पौधे की सुरक्षा व नियमित सिंचाई का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *