सैनिक कल्याण मंत्री ने पूर्व सैनिक संगठन की सराहना की

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

जनपद भ्रमण पर आए सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने देर शाम पूर्व सैनिक संगठन के सम्मान स्थल पहुंचकर पूर्व सैनिकों से मुलाकात की, जहां संगठन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई।

संगठन के अध्यक्ष मयुख भट्ट ने मंत्री के समक्ष संगठन के गठन, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। मंत्री ने पूर्व सैनिक संगठन के कार्यों की प्रशंसा करते हुए एकजुट रहकर सतत सामाजिक योगदान देने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने जनपद में सैनिक मिलन केंद्र स्थापित करने की घोषणा की, जिसका उपस्थित पूर्व सैनिकों ने स्वागत किया।

संगठन ने ज्ञापन सौंपते हुए जनपद में स्थापित 130 पर्यावरण बटालियन की दो कंपनियों को राजस्थान भेजे जाने का विरोध व्यक्त किया और इसे पर्यावरण संतुलन व पूर्व सैनिकों के रोजगार के लिए नुकसानदायक बताया। मंत्री ने इस पर सकारात्मक कार्रवाई और सार्थक परिणाम का भरोसा दिया। वहीं राज्य के अनाथ बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं में 25 वर्ष तक आयु छूट देने की मांग भी रखी गई।

मंत्री ने संगठन की विजिटर बुक में संदेश लिखकर उनके सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की और पूर्व सैनिकों के हितों के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में एसडीएम मनजीत सिंह, सैनिक कल्याण अधिकारी, अर्जुन पुरस्कार विजेता सुरेंद्र वाल्दिया, कैप्टन ललित सिंह सेना मेडल सहित कई पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *