नैनीपातल में बनेगा आधुनिक कूड़ा निस्तारण केंद्र, मेयर ने किया भूमि पूजन !

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

पिथौरागढ़ नगर निगम क्षेत्र को कचरामुक्त और स्वच्छ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हो गई है। सोमवार को नगर निगम मेयर कल्पना देवलाल, नगर आयुक्त डॉ. दीपक सैनी एवं नगर निगम पार्षदों द्वारा पिथौरागढ़/नैनीपातल स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में आधुनिक कूड़ा निस्तारण केंद्र एवं एमआरएफ (MRF) सेंटर की स्थापना हेतु निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर शुभारम्भ किया गया।

इस अवसर पर मेयर कल्पना देवलाल ने कहा कि यह परियोजना पिथौरागढ़ और नैनीपातल क्षेत्र को कचरामुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा और स्थायी बदलाव साबित होगी। उन्होंने कहा कि ठोस कचरा प्रबंधन की इस नीति से न केवल स्वच्छता में सुधार होगा, बल्कि क्षेत्र की जैव विविधता और प्राकृतिक सुंदरता भी सुरक्षित रहेगी। इस केंद्र का उद्देश्य कचरे को वैज्ञानिक तरीके से पृथक कर उपयोगी उत्पादों, विशेष रूप से जैविक खाद, में परिवर्तित करना है, जिससे गंदगी और बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सके। साथ ही वर्षों से जमा लीगेसी वेस्ट को समाप्त कर क्षेत्र को पूरी तरह कूड़ामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

नगर आयुक्त डॉ. दीपक सैनी ने बताया कि नैनीपातल में स्थायी कूड़ा निस्तारण केंद्र की स्थापना के लिए मुख्य सड़क से एमआरएफ ग्राउंड तक 171.79 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण, एमआरएफ सेंटर की स्थापना और ट्रॉमल मशीन लगाई जाएगी। इसके अतिरिक्त एमआरएफ सेंटर, ट्रॉमल मशीन, अन्य आधुनिक उपकरण, सुरक्षा दीवार और स्थायी शैड के निर्माण पर 286.71 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा ।

इस परियोजना के तहत गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग किया जाएगा। गीले कचरे से जैविक खाद तैयार की जाएगी, जबकि प्लास्टिक, धातु और अन्य ठोस कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन किया जाएगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में अधिशासी अभियंता पंकज कुमार, पार्षद विक्रम वाल्मीकी, भूपेन्द्र कठायत, मोहित चौसाली, अवर अभियंता उमेश अवस्थी, कनिष्ठ अभियंता गिरीश जोशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *