CHC को 25 वर्ष बाद विधायक निधि से मिली एम्बुलेंस !

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

डीडीहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को स्थापना के लगभग 25 वर्ष बाद पहली बार अपनी एंबुलेंस सुविधा प्राप्त हुई है। बुधवार को विधायक बिशन सिंह चुफाल ने अस्पताल परिसर में फीता काटकर एंबुलेंस का विधिवत शुभारंभ किया। एंबुलेंस के संचालन से अब क्षेत्रवासियों को आपात स्थितियों में 108 सेवा के साथ-साथ अस्पताल की अपनी एंबुलेंस का भी लाभ मिल सकेगा।

गौरतलब है कि वर्ष 2001 में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का पुनर्निर्माण किया गया था, लेकिन इतने वर्षों के बावजूद अस्पताल के पास अपनी एंबुलेंस नहीं थी। आपात स्थिति में मरीजों को या तो 108 सेवा पर निर्भर रहना पड़ता था या फिर निजी टैक्सी वाहनों से जिला मुख्यालय तक जाना पड़ता था, जिससे समय और आर्थिक बोझ दोनों बढ़ जाते थे।

स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए विधायक बिशन सिंह चुफाल ने अपनी विधायक निधि से लगभग 15 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर एंबुलेंस की खरीद सुनिश्चित की। नई एंबुलेंस के मिलने से क्षेत्र के मरीजों को समय पर उपचार एवं रेफरल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी

इस अवसर पर चिकित्सक डॉ. प्रशांत कौशिक, डॉ. सरवरी, डॉ. बी.एस. महरा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरेंद्र चुफाल, बबिता चुफाल, दीपेश जंगपांगी, पूरन खोलिया, लोकेश भड़, बी.एस. कन्याल सहित कई स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *