पिथौरागढ़ | सोर समाचार
मौसम विभाग द्वारा 23 जनवरी 2026 को संभावित बारिश एवं बर्फबारी की चेतावनी जारी किए जाने के बाद पिथौरागढ़ प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी आशीष भटगाई ने जनपद की समस्त संबंधित विभागीय एवं आपदा प्रबंधन एजेंसियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया है कि संभावित बर्फबारी की स्थिति में सड़कों के अवरुद्ध होने पर पोकलैंड मशीनें और जेसीबी तत्काल तैनात रखी जाएं, ताकि मार्गों को शीघ्र सुचारु किया जा सके और आवागमन बाधित न हो।
संभावित विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति को देखते हुए विद्युत विभाग को भी अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यक मरम्मत दल, उपकरण एवं संसाधन पहले से तैयार रखने को कहा गया है, ताकि किसी भी तकनीकी खराबी का त्वरित समाधान किया जा सके।
वहीं खाद्य आपूर्ति व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने पूर्ति विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद के सभी गोदामों में पर्याप्त खाद्यान्न भंडारण सुनिश्चित किया जाए और दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी स्थिति में खाद्यान्न की कमी न होने दी जाए।
इसके अतिरिक्त चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को सभी आवश्यक दवाइयों, चिकित्सीय उपकरणों एवं आपातकालीन सेवाओं के साथ पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम एवं नगरपालिकाओं को बर्फबारी के बाद कड़ाके की ठंड को देखते हुए अलाव, रैन बसेरे और जनसुविधाओं की समय रहते व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि आपदा की किसी भी स्थिति में जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और निर्देशों की अवहेलना करने पर संबंधित विभागों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

