मनरेगा में बदलाव के विरोध में कांग्रेस की मेथाना गांव में चौपाल !

सोर समाचार | पिथौरागढ़

मनरेगा योजना का नाम बदले जाने और उसमें नए प्रावधान लागू किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने पिथौरागढ़ के मेथाना गांव में चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने जॉब कार्ड धारकों से संवाद कर योजना को कमजोर किए जाने पर नाराजगी जताई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश पंत ने कहा कि मनरेगा को रोजगार गारंटी के उद्देश्य से शुरू किया गया था, लेकिन वर्तमान सरकार इस गारंटी से पीछे हट रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पिछले तीन वर्षों में 100 दिन का रोजगार देने में भी असफल रही है।

मुकेश पंत ने कहा कि सीमित बजट तय करना और वर्ष में दो महीने योजना को बंद रखने का निर्णय गरीब, बेरोजगार और ग्रामीण युवाओं के साथ अन्याय है। कांग्रेस इस फैसले के खिलाफ जिले से लेकर राज्य स्तर तक अभियान और आंदोलन चलाएगी।

चौपाल में मौजूद ग्रामीणों ने भी मनरेगा के स्वरूप में बदलाव पर आपत्ति जताई और योजना को पूर्व की तरह बहाल करने की मांग की। कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष निशिद उप्रेती, नितेश कुमार, अमित पुनेडा, नीरज लेखक, दीपक गिरी सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *