सोर समाचार , पिथौरागढ़ : साइबर अपराधों के खिलाफ जनजागरूकता को नया आयाम देते हुए उत्तराखंड विधिक सेवा प्राधिकरण अब विशेष पुलिस अधिकारी और साइबर एक्सपर्ट डॉ. नीरज चंद्र जोशी की पुस्तक “वार अगेंस्ट साईबर क्राईम” को प्रकाशित करेगा।
यह घोषणा पिथौरागढ़ के झोलखेत में आयोजित बहुद्देशीय शिविर के दौरान हुई, जहां उत्तराखंड उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश और विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष माननीय मनोज कुमार तिवारी ने पुस्तक की सराहना करते हुए इसे जनसामान्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
इस पुस्तक में साइबर धोखाधड़ी से बचाव, ऑनलाइन सुरक्षा के उपाय, और डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश शामिल हैं। न्यायमूर्ति तिवारी ने निर्देश दिए कि यह पुस्तक अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, जिससे आम नागरिक डिजिटल अपराधों से बच सकें।
डॉ. जोशी की यह पहल साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं के बीच एक अहम चेतावनी और मार्गदर्शन का कार्य करेगी।

