पिथौरागढ़ | सोर समाचार
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं।
जनसुनवाई में सड़क, पेयजल, विद्युत, राजस्व और भूमि विवाद से जुड़े कई मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान ग्राम पंचायत धारपांगू की प्रधान पुष्पा देवी ने वर्ष 2022 की आपदा से प्रभावित 12 परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास और भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराने की मांग रखी। वहीं जिप्ती क्षेत्र के लगभग 66 आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास का मुद्दा भी उठाया गया।
इसके अलावा डीडीहाट विकासखंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय हचिला में कार्यरत शिक्षक को यथावत रखने की मांग अभिभावकों ने की। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में एडीएम योगेंद्र सिंह, एसडीएम सदर जितेंद्र वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

