पिथौरागढ़ | सोर समाचार
पिथौरागढ़ जनपद के डीडीहाट स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर को केंद्र सरकार की राष्ट्रीय आयुष मिशन योजना के अंतर्गत सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में चयनित किया गया है। इसके तहत चिकित्सालय को उच्चीकृत करने का कार्य तेजी से चल रहा है।
इस पहल से क्षेत्र की जनता को भारत की प्राचीन आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के अंतर्गत आधुनिक और प्रभावी उपचार सेवाएं उपलब्ध होंगी। यहां क्षारसूत्र चिकित्सा, नेत्र रोगों के लिए विशेष आयुर्वेदिक उपचार तथा पंचकर्म आधारित चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर, डीडीहाट में विशेषज्ञ आयुर्वेदिक चिकित्सकों की तैनाती भी की गई है, जिसमें डॉ. अतुल बडोनी (शल्य) और डॉ. आकांक्षा (शालाक्य) अपनी सेवाएं देंगे।
इस उन्नयन के बाद डीडीहाट नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर सुरक्षित, किफायती और उच्च गुणवत्ता वाली आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

