पिथौरागढ़ | सोर समाचार
मुनस्यारी विकास खण्ड सभागार में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों का जिला स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धारचूला-मुनस्यारी के विधायक हरीश धामी मुख्य अतिथि और ब्लाक प्रमुख डॉ. कविता महर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस अवसर पर डीडीहाट, धारचूला, गोलीछाल और तल्ला जोहार क्षेत्रों से आए विभिन्न प्रकोष्ठों के कांग्रेसी नेताओं को शाल ओढ़ाकर और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और महिला मंगल दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस की किल्लत का आरोप लगाते हुए सरकार को भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था और बेरोजगारी के मुद्दों पर विफल बताया। साथ ही आगामी चुनाव में सरकार को हटाने का दावा किया गया।
नेताओं ने विश्वास जताया कि प्रदेश में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी और हरीश धामी लगातार चौथी बार क्षेत्र से जीत हासिल कर मंत्री पद तक पहुंचेंगे।

