पिथौरागढ़ | सोर समाचार
जनपद के डीडीहाट ब्लॉक के अंतर्गत सेरा-सौनाली ग्रामसभा के हरड़कटिया क्षेत्र में शिक्षा से जुड़ा एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। शासन द्वारा रा.उ.मा.वि हरड़कटिया को क्लस्टर राजकीय इंटर कॉलेज जौरासी में समायोजित करने के प्रस्ताव के विरोध में स्थानीय अभिभावकों ने कड़ा ऐतराज जताया है।
08 जुलाई 2025 को विद्यालय प्रांगण में अभिभावक संघ की अध्यक्ष लीला देवी और क्षेत्र के पूर्व प्रधान महिमन कन्याल के नेतृत्व में एक बैठक आयोजित हुई, जिसमें बोराबुंगा, लखतीगांव, लीमा, सेरा, सौनाली और बलेत जैसे दूरस्थ गांवों के अभिभावकों ने भाग लिया।
बैठक में कहा गया कि जौरासी की दूरी लगभग 15 किलोमीटर है और वहाँ तक पहुँचना छोटे बच्चों के लिए दुर्गम और असुरक्षित है। यह निर्णय पूरी तरह जनविरोधी – शिक्षाविरोधी है और इससे दर्जनों बच्चों का भविष्य अधर में लटक सकता है।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर प्रशासन से समायोजन आदेश को तत्काल रद्द करने की मांग की गई है। चेतावनी दी गई कि यदि मांग नहीं मानी गई तो ग्राम सभा की अगुवाई में बड़ा जनआंदोलन होगा ।

