पिथौरागढ़ | सोर समाचार
सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी से निकले होनहार एथलीट निहाल देवली ने भारत और उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में गौरव दिलाते हुए मलेशिया में आयोजित 13वीं एशियाई जूनियर ताइक्वांडो चैंपियनशिप (25-26 जुलाई 2025) में कांस्य पदक अपने नाम किया है।
स्टैफर्ड स्कूल, पिथौरागढ़ के पूर्व छात्र निहाल ने अपने धैर्य, अनुशासन और तकनीकी कौशल से न सिर्फ मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, बल्कि पूरे भारतीय ताइक्वांडो समुदाय को गर्वित कर दिया।
निहाल ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है, और कहा कि उनके मार्गदर्शन और समर्थन के बिना यह संभव नहीं हो पाता। उन्होंने यह भी कहा कि यह तो सिर्फ शुरुआत है—अभी बहुत आगे जाना है।
निहाल की इस ऐतिहासिक सफलता पर क्षेत्र भर में खुशी की लहर है। विद्यालय प्रबंधक राकेश देवलाल, नगर निगम महापौर कल्पना देवलाल समेत विद्यालय स्टाफ और मुनस्यारी के स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी है। सभी ने एक स्वर में कहा कि निहाल की यह उपलब्धि सीमांत क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
भारतीय ताइक्वांडो संघ ने निहाल के इस प्रदर्शन को “उत्कृष्ट और उम्मीदों से बढ़कर” बताया है और भविष्य में उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते देखने की उम्मीद जताई है।

