पिथौरागढ़ | सोर समाचार
महाविद्यालय गंगोलीहाट में बी.ए. प्रथम वर्ष की सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया और उच्च शिक्षा निदेशक का पुतला दहन किया।
कॉलेज परिसर “छात्र विरोधी नीति बंद करो”, “सीट बढ़ाओ, शिक्षा बचाओ” और “विद्यार्थियों का हक छीना तो ज्वालामुखी बनेगा गंगोलीहाट” जैसे नारों से गूंज उठा।
आंदोलन का नेतृत्व नगर मंत्री गौरव बोरा ने किया। इस दौरान छात्र संघ कोषाध्यक्ष अमित वर्मा, कॉलेज मंत्री सलोनी दिव्या बोरा, सोनी बिष्ट, पंकज, गौरव पंत समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।
छात्र नेताओं ने बताया कि बी.ए. प्रथम वर्ष की 187 सीटें पूरी तरह भर चुकी हैं, जबकि 100 से अधिक छात्र-छात्राएं अब भी प्रवेश से वंचित हैं। उनका आरोप है कि शासन-प्रशासन की लापरवाही से गरीब और दूरदराज के विद्यार्थियों का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है।
छात्र संघ ने चेतावनी दी कि अगर सात दिनों के भीतर सीट वृद्धि नहीं हुई तो कॉलेज का ताला बंद कर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

