पिथौरागढ़ | सोर समाचार
संयुक्त कर्मचारी महासंघ कुमाऊं-गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रदेश अध्यक्ष व राज्य आंदोलनकारी दिनेश गुरु रानी का पौधारोपण अभियान लगातार जारी है। सोमवार को यह अभियान 414वें दिन भी जारी रहा। इस अवसर पर उन्होंने शहीद स्मारक स्थल पर धरती मां के नाम एक पौधा रोपित किया।
गुरु रानी ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। जिस तरह से लगातार जंगलों का क्षरण और प्रदूषण बढ़ रहा है, उस स्थिति में पौधारोपण ही भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और स्वस्थ जीवन दे सकता है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि समाज का होना चाहिए और सभी लोगों को कम से कम एक पौधा धरती मां को अर्पित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उनका यह अभियान लगातार जारी रहेगा और वह हर दिन एक पौधा धरती मां के नाम अवश्य रोपित करेंगे। साथ ही उन्होंने युवाओं और बच्चों से भी अपील की कि वे पौधारोपण को अपनी आदत बनाएं और पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम में योगदान दें।

