एबीवीपी ने खेल सुविधाओं के लिए सौंपा ज्ञापन

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) लक्ष्मण सिंह महर परिसर पिथौरागढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड खेल परिषद के उपाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में खेल अधोसंरचना के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण माँगें रखी गईं, जिनमें 400 मीटर का रेसिंग ट्रैक, बैडमिंटन हॉल का निर्माण, बास्केटबॉल ग्राउंड का नवीनीकरण, मिनी स्टेडियम का निर्माण, खेल मैदान के चारों ओर सुरक्षा दीवार एवं फ्लड लाइट लगाने जैसी सुविधाएँ शामिल हैं।

एबीवीपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि लक्ष्मण सिंह महर परिसर कुमाऊँ अंचल का प्रमुख उच्च शिक्षा संस्थान है, जहाँ हजारों विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं। खेल सुविधाओं की कमी के कारण छात्र-छात्राओं की प्रतिभाएँ राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने से वंचित रह जाती हैं।

विभाग सह संयोजक इंदर सिंह बथ्याल ने कहा कि एबीवीपी हमेशा विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर संघर्ष करती आई है। यदि परिसर में खेल अधोसंरचना विकसित होती है तो यहाँ की प्रतिभाएँ बड़े स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान विभाग संगठन मंत्री मृदुल भट्ट, दिवस ओझा, शिवम् कांडपाल, साहिल बसेड़ा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *