पिथौरागढ़ | सोर समाचार
गंगोलीहाट विधानसभा के लिए बड़ी सौगात आई है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत ब्लॉक की 41 सड़कों को स्वीकृति मिल गई है। इस उपलब्धि पर क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल है।
विधायक फकीर राम टट्टा ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टट्टा का आभार जताते हुए कहा कि मोदी जी ने हमेशा “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र को आगे बढ़ाया है और गाँव-गाँव तक सड़क पहुँचाने पर विशेष ध्यान दिया है।
उन्होंने कहा कि सड़क कनेक्टिविटी से गाँवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोज़गार जैसी सुविधाएँ अब आम जनता तक आसानी से पहुँच रही हैं। पहाड़ हो या मैदान, हर जगह बेहतर सड़क व्यवस्था ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति दे रही है।
विधायक ने कहा कि मोदी जी का सपना है कि कोई भी गाँव सड़क से वंचित न रहे, और 41 सड़कों की यह स्वीकृति उस सपने को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

