सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी पर सीमांत यूथ मोर्चा का प्रदर्शन

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

भारतीय इंजीनियर, इनोवेटर और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक की राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत गिरफ्तारी ने सीमांत क्षेत्र के युवाओं को आक्रोशित कर दिया है। इसी के विरोध में सीमांत यूथ मोर्चा (सीयूमो) के कार्यकर्ताओं ने सिमलगैर बाजार में जोरदार प्रदर्शन किया।

संगठन के अध्यक्ष नरेन्द्र ग्वाल ने कहा कि वांगचुक लोकतांत्रिक तरीके से लद्दाख की जनता की जायज मांगों के समर्थन में आवाज उठा रहे थे। केंद्र सरकार को बातचीत कर समाधान निकालना चाहिए था, लेकिन इसके बजाय उन्हें गिरफ्तार करना लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि वांगचुक को शीघ्र रिहा नहीं किया गया तो सीमांत की जनता सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी।

पार्षद सुशील खत्री ने भी कहा कि सरकार ने लद्दाख की जनता को विश्वास में न लेकर छल किया है और वांगचुक की गिरफ्तारी दुर्भाग्यपूर्ण कदम है। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार तुरंत उन्हें रिहा करे।

इस प्रदर्शन में सीयूमो के जिला सचिव जनार्दन पंत, छात्र मोर्चा संयोजक शशांक उपाध्याय, राहुल खत्री, इमरान खान, ध्रुव धामी, विजय लोहनी, अमित कुमार, सुरेन्द्र, जीवन जोशी सहित कई युवा शामिल हुए। अध्यक्ष ग्वाल ने बताया कि वांगचुक की रिहाई की मांग को लेकर जल्द ही हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *