पिथौरागढ़ नगर निगम महापौर कल्पना देवलाल को मिला ‘अटल निर्मल नगर पुरस्कार 2025’

सोर समाचार | पिथौरागढ़

नगर निगम पिथौरागढ़ के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर नगर निगम को ‘अटल निर्मल नगर पुरस्कार 2025’ से सम्मानित किया गया। देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महापौर कल्पना देवलाल को सम्मान पत्र और 25 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की।

महापौर ने बताया कि वर्ष 2024-25 के स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम पिथौरागढ़ को नगर निगम श्रेणी में द्वितीय स्थान और राज्य के सभी निकायों में पांचवां स्थान प्राप्त हुआ था। इसी उपलब्धि को देखते हुए शहरी विकास निदेशालय, उत्तराखंड ने इस पुरस्कार के लिए निगम का चयन किया।

महापौर कल्पना देवलाल ने इसे नगरवासियों की साझा मेहनत और जनभागीदारी का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने में पर्यावरण मित्रों, अधिकारियों और नागरिकों की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी और राज्य सरकार के सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि निगम पिथौरागढ़ को आदर्श शहरी मॉडल बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सांसद सुनील बंसल, शहरी विकास सचिव नितेश झा सहित सभी नगर निकायों के प्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *