पिथौरागढ़ | सोर समाचार
सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के धारचूला तहसील के पलपला (स्यांकुरी) निवासी प्रियांशु सिंह धामी, पुत्र श्री मोहन सिंह धामी एवं श्रीमती नारू धामी, ने प्रदेश के सबसे बड़े महाविद्यालय डीएवी पीजी कॉलेज, देहरादून में आयोजित छात्रसंघ चुनाव में विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (University Representative) का चुनाव शानदार जीत के साथ अपने नाम किया है।
यह कॉलेज हेमवती नंदन बहुगुणा केंद्रीय विश्वविद्यालय से संबद्ध है और यहां का छात्रसंघ चुनाव प्रदेश के सबसे प्रतिष्ठित कॉलेज चुनावों में से एक माना जाता है। प्रियांशु की यह जीत न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे सीमांत क्षेत्र और जनपद पिथौरागढ़ के लिए भी गर्व और खुशी का विषय बन गई है।
उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रदेशभर से बधाइयों का तांता लग गया है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, खटीमा विधायक भुवन कापड़ी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरेंद्र रावत समेत कई जनप्रतिनिधियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रियांशु को शुभकामनाएं दी हैं।
प्रदेश के सबसे बड़े महाविद्यालय में सीमांत क्षेत्र के युवक का प्रतिनिधित्व तक पहुंचना यह दर्शाता है कि पिथौरागढ़ के युवा अब राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व की नई मिसालें कायम कर रहे हैं।

