पिथौरागढ़ | सोर समाचार
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत वर्ष 2020 में बनी आदिचौरा–हुनेरा सड़क आज तक ग्रामीणों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है। सड़क निर्माण को पूरे 6 साल बीत चुके हैं, लेकिन यह अब तक केवल सात–आठ महीने ही खुली रह पाई। लगातार बंद रहने से क्षेत्र के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार को जेष्ठ उप ब्लॉक प्रमुख प्रीति बोरा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अतिरिक्त जिलाधिकारी (ADM) योगेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि दीपावली से पहले सड़क को हर हाल में खोलकर सुचारू आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बंद रहने के कारण बीमार मरीजों को समय पर अस्पताल नहीं पहुँचाया जा पा रहा, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और किसानों की उपज बाज़ार तक नहीं पहुँच पा रही। यह सड़क सिर्फ मार्ग नहीं बल्कि सैकड़ों परिवारों की जीवनरेखा है।
प्रीति बोरा ने चेतावनी दी कि यदि दीपावली तक समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण मजबूर होकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को जोड़ना था, लेकिन विभागीय लापरवाही ने इसे लोगों की परेशानी का कारण बना दिया है।
एडीएम योगेंद्र सिंह ने ज्ञापन प्राप्त कर आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से समीक्षा कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

