दो संवेदनशील मौतों की जांच तेज — SIT एक्शन में

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

पिथौरागढ़ जिले में दो संवेदनशील मौतों के मामलों ने पुलिस प्रशासन का विशेष ध्यान खींचा है। थाना नाचनी क्षेत्र में बसंती देवी तथा कोतवाली पिथौरागढ़ क्षेत्र में प्रकाश सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव ने दोनों प्रकरणों की तह तक पहुँचने के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है।

क्षेत्राधिकारी श्री गोविन्द बल्लभ जोशी के पर्यवेक्षण में जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए एसओजी, फॉरेन्सिक यूनिट, सर्विलांस टीम व स्थानीय पुलिस को शामिल कर संयुक्त टीमें बनाई गई हैं। टीमें लगातार साक्ष्य जुटा रही हैं और हर कड़ी को जोड़कर दोनों मामलों के वास्तविक कारणों तक पहुँचने का प्रयास कर रही हैं। पुलिस के अनुसार जांच पूरी तरह वैज्ञानिक पद्धति से की जा रही है और जल्द ही निर्णायक खुलासा किए जाने की संभावना है।

इसी बीच पिथौरागढ़ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी तरह की भ्रामक सूचना या अफवाह न फैलाएं। पुलिस ने कहा है कि शांति बनाए रखें और जांच में सहयोग करें। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष व त्वरित जांच उनकी प्राथमिकता है और किसी भी तरह की शंका को दूर करने के लिए पुलिस टीमें लगातार सक्रिय हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *