विवाह में लगा ‘परिणय पौधा’, गुरुरानी का अभियान 505वें दिन भी जारी

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

राज्य आंदोलनकारी दिनेश गुरुरानी द्वारा संचालित अनूठा पौधारोपण अभियान आज मंगलवार को 505वें दिन भी सतगढ़, पिथौरागढ़ में जारी रहा। गुरुरानी पिछले कई महीनों से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए इस अभियान को लगातार बिना रुके चला रहे हैं। अभियान की खास बात यह है कि इसे विभिन्न सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों से जोड़कर लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।

आज सतगढ़ में पत्रकार दीपक कापड़ी और निशा ने अपने विवाह समारोह के बाद ‘धरती मां’ के नाम एक परिणय पौध लगाया। दंपति ने कहा कि वे इस पौधे को अपने परिवार के सदस्य की तरह संजोकर रखेंगे और हर वर्ष अपनी शादी की सालगिरह पौधारोपण कर मनाएंगे। दीपक कापड़ी ने बताया कि वे पहले से ही शुभ अवसरों पर पौधा लगाकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते आए हैं और इस अभियान का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है।

विवाह समारोह में मौजूद लोगों ने इस प्रेरक पहल की खुलकर सराहना की और इसे विवाह जैसी पवित्र रस्म का सुंदर संदेश बताया। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप कन्याल भी उपस्थित रहे।

अभियान के प्रणेता दिनेश गुरुरानी ने कहा कि उनका प्रयास विवाह और अन्य शुभ अवसरों को लगातार पौधारोपण कार्यक्रमों से जोड़ने का है, ताकि समाज में पर्यावरण संरक्षण की सोच और मजबूत हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *