मुख्यमंत्री धामी का टुण्डी गाँव बनेगा आदर्श मॉडल गाँव !

सोर समाचार | पिथौरागढ़

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने 12 दिसंबर को विकास खण्ड कनालीछीना के ग्राम पंचायत बारमाँ स्थित टुण्डी गाँव का विस्तृत निरीक्षण कर आदर्श ग्राम परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा टुण्डी को मॉडल गाँव बनाने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके लिए क्लस्टर आधारित व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

डीएम ने विभागों को ग्रामीण जरूरतों, स्थानीय संसाधनों और भौगोलिक परिस्थितियों के आधार पर व्यावहारिक व समयबद्ध योजना बनाने के निर्देश दिए तथा सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आजीविका और पर्यावरण संरक्षण को शीर्ष प्राथमिकता में रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर समस्याएँ सुनीं और त्वरित समाधान के निर्देश दिए, साथ ही कहा कि “ग्रामीण सहभागिता ही स्थायी विकास की कुंजी है।”

आजीविका संवर्द्धन पर बल देते हुए उन्होंने मत्स्य पालन, बकरी-गौ-पालन, मेडिसिन प्लांट, ड्रैगन फ्रूट-कीवी उत्पादन और फार्म मशीनरी बैंक जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा टुण्डी गधेरे पर चेक डैम, सोलर पंपिंग आधारित सिंचाई और सब्जी उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए विस्तृत योजना बनाने को कहा। उन्होंने बारमो, मुनाबे, गौच नयाबाद, अखुली, लछेर, कुन्काटिया और धुर्चू सहित पूरे क्लस्टर क्षेत्र के लिए दूरदर्शी विकास खाका तैयार करने की बात कही।

निरीक्षण में उपजिलाधिकारी डीडीहाट खुशबु पाण्डेय, सीएमओ डॉ. एस.एस. नबियाल, मुख्य कृषि अधिकारी अमरेन्द्र चौधरी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *