पिथौरागढ़ | सोर समाचार
कनालीछीना में आयोजित जन जन की सरकार, जन जन के द्वार कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत ख्वाँकोट की समस्याएँ प्रमुखता से उठाई गईं। ग्राम प्रधान हेम पाण्डेय ने मंच के माध्यम से अपनी पंचायत से जुड़ी कई जमीनी समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा।
ग्राम प्रधान ने ग्राम ख्वाँकोट के सितोली क्षेत्र में सड़क सुधारीकरण की आवश्यकता बताते हुए कहा कि खराब सड़क के कारण ग्रामीणों को रोज़मर्रा की आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने ख्वाँकोट स्थित बड़ी खला मैदान के सौंदर्यीकरण की मांग रखी, ताकि युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएँ मिल सकें।
कार्यक्रम में शहीद गोपाल सिंह ( कीर्ति चक्र ) की स्मृति में बने स्मृति पटल के चारों ओर सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग भी उठाई गई। ग्राम प्रधान ने कहा कि यह न केवल सुरक्षा के लिए आवश्यक है, बल्कि शहीद के सम्मान और स्मृति संरक्षण से भी जुड़ा विषय है।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।

