कुरुक्षेत्र में प्रशिक्षण शिविर के दौरान राहुल गांधी ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश से किया संवाद !

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

संगठन सृजन अभियान के तहत हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आयोजित उत्तराखंड एवं हरियाणा के कांग्रेस जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर के नौवें दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जिला अध्यक्षों एवं उनके परिवारों से मुलाकात की। इस क्रम में उन्होंने पिथौरागढ़ कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत से भी संवाद किया।

बैठक के दौरान मुकेश पंत ने राहुल गांधी को पिथौरागढ़ की भौगोलिक स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि यह उत्तराखंड का सीमांत जिला है, जिसकी सीमाएं चीन और नेपाल से लगती हैं। उन्होंने धार्मिक एवं पर्यटन दृष्टि से आदि कैलाश, ओम पर्वत, मिलम घाटी और पंचाचूली क्षेत्र के महत्व की जानकारी दी और पिथौरागढ़ आने का आमंत्रण भी दिया।
मुकेश पन्त के अनुसार राहुल गांधी ने कहा कि वे शीघ्र ही आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन के लिए पिथौरागढ़ आएंगे, ताकि वहां की संस्कृति, समाज और पारंपरिक जीवन को समझ सकें।

बातचीत के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में पलायन, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। राहुल गांधी ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनने पर इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस नीतियां लागू की जाएंगी, जिससे गांव खाली होने की प्रवृत्ति को रोका जा सके।

मुकेश पंत ने बताया कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है, जिससे आने वाली राजनीतिक चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *