पिथौरागढ़ | सोर समाचार
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जनपद में बालिका जन्म को प्रोत्साहित करने और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए “मेरी चेली मयार घरै पछयांण” कार्यक्रम का शुभारम्भ कनालीछीना विकासखण्ड के ग्राम सतगड़ से किया गया।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई के निर्देशानुसार शुरू हुई इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं के प्रति सम्मान बढ़ाना तथा समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना है। कार्यक्रम के तहत बालिका जन्म होने पर परिवार को बालिका के नाम की पट्टिका प्रदान की गई, जिसे घर के बाहर लगाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्वयं बालिका हर्षिता के घर जाकर पट्टिका स्थापित करवाई तथा खुशी, ईशा, अर्पिता, सपना, सौम्या सहित कुल 20 बालिकाओं को नाम पट्टिकाएं वितरित कीं। उन्होंने कहा कि इस अभियान से लोगों को बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा समाज में संदेश जाएगा कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, मिशन शक्ति टीम तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

