पिथौरागढ़ | सोर समाचार
जनपद के माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश शंकर राज दिनांक 28 फरवरी 2026 को 60 वर्ष की अधिवर्षता आयु पूर्ण कर विधिवत सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में जिला न्यायालय सभागार में एक गरिमामय एवं भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संजय सिंह, सिविल जज शिव सिंह, सीनियर सिविल जज आरती सरोहा, न्यायिक मजिस्ट्रेट तान्या मिड्ढा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंजू देवी, पुलिस उपाधीक्षक गोविन्द बल्लभ जोशी तथा ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी राकेश चन्द्र सहित न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी, न्यायालय कर्मचारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें भावभीनी विदाई दी।
अपने संबोधन में शंकर राज ने कहा कि न्यायपालिका का दायित्व केवल विधिक प्रावधानों के आधार पर निर्णय देना नहीं, बल्कि आमजन में न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता को सुदृढ़ बनाए रखना भी है। उन्होंने अपने न्यायिक कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए सहयोग के लिए सभी अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
वक्ताओं ने कहा कि उनका व्यक्तित्व सरल, सौम्य एवं अनुशासित रहा है। उनके नेतृत्व में न्यायालय का कार्य पारदर्शिता और समन्वय के साथ संचालित हुआ तथा उन्होंने सदैव न्यायिक मर्यादा और जनहित को सर्वोपरि रखा।
कार्यक्रम का समापन शुभकामनाओं एवं सामूहिक अभिनंदन के साथ हुआ। उपस्थित सभी ने उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

