पिथौरागढ़ | सोर समाचार
पिथौरागढ़ जनपद के सोरघाटी क्षेत्र में 3 पैरा स्पेशल फोर्स के पूर्व सैनिक अधिकारियों और जवानों ने बटालियन का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने बटालियन के गौरवशाली इतिहास और देश सेवा में दिए गए योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में सूबेदार मेजर (सेवानिवृत्त) नारायण सिंह खड़ायत ने बटालियन के स्थापना दिवस के इतिहास की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बटालियन की स्थापना 8 मार्च 1813 को हुई थी, जिसे उस समय रसल ब्रिगेड की प्रथम बटालियन के नाम से जाना जाता था। समय के साथ इसके नाम में कई परिवर्तन हुए और वर्ष 2004 में इसे स्पेशल फोर्स में परिवर्तित कर 3 पैरा स्पेशल फोर्स बनाया गया।
इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने बटालियन की वीरता, परंपरा और बलिदान को याद करते हुए एक-दूसरे को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) त्रिलोक सिंह सौन, कैप्टन (सेवानिवृत्त) दयाल सिंह, कैप्टन (सेवानिवृत्त) देवी चंद (वीएसएम), कैप्टन (सेवानिवृत्त) सुनील मल सहित कई पूर्व सैन्य अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

