पिथौरागढ़ | सोर समाचार
पिथौरागढ़ में उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित महिला जनसुनवाई में घरेलू हिंसा और भरण-पोषण से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं।
विकास भवन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में आयोग की सदस्य रचना जोशी और किरण देवी मौजूद रहीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 18 महिलाओं ने अपनी समस्याएं आयोग के सामने रखीं, जिनमें से 9 नई शिकायतें दर्ज की गईं, जबकि बाकी मामलों पर सुनवाई की गई।
अधिकांश शिकायतें घरेलू हिंसा और भरण-पोषण से संबंधित थीं। आयोग की सदस्यों ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों से जानकारी ली और शीघ्र व प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, परिवीक्षा विभाग, पुलिस विभाग और जिला न्यायालय के अधिवक्ताओं के साथ भी चर्चा की गई। आयोग ने अधिवक्ताओं से न्यायालय के निर्णयों की प्रमाणित प्रतियां आयोग को उपलब्ध कराने को भी कहा, ताकि मामलों की निरंतर निगरानी हो सके।
आयोग की सदस्यों ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उन्हें न्याय दिलाने के लिए राज्य महिला आयोग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

