पिथौरागढ़ में गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी अनिवार्य, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश !

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

जनपद में घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के भंडारण और वितरण व्यवस्था को लेकर जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में होटल एसोसिएशन और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और गैस आपूर्ति से संबंधित अपने सुझाव रखे।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने नगर क्षेत्र में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और होटल व भोजनालयों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए गैस उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि इन सुझावों को शासन स्तर पर उठाया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में बुकिंग किए गए गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को फोन कर उनके घर तक गैस सिलेंडर पहुंचाया जाए, ताकि गैस एजेंसियों पर भीड़ और लंबी कतारों की स्थिति न बने।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। साथ ही कमर्शियल गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर भी शासन स्तर पर समन्वय किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने पूर्ति विभाग को निर्देश दिए कि Indian Oil Corporation, Hindustan Petroleum और Bharat Petroleum के साथ समन्वय कर गैस आपूर्ति करने वाले वाहनों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि लंबित मांग को जल्द पूरा किया जा सके।
इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनपद में कहीं भी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी न होने पाए, और यदि ऐसा पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। नागरिकों से अपील की गई है कि गैस वितरण से जुड़ी किसी भी समस्या या शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *